हापुड़ में आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों में रोष, रवि गौतम ने उठाई सुरक्षा की मांग
| हापुड़ के पीरनगर सूदना गांव में बुधवार देर रात डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों में रोष फैल गया। सपा नेता रवि गौतम ने गांव पहुंचकर प्रशासन से चारदीवारी, सुरक्षा कवच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
हापुड़ के पीरनगर सूदना गांव में ग्रामीणों के साथ बैठक करते सपा नेता रवि गौतम दिख रहे हैं।
हापुड़ (UP)। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के पीरनगर सूदना गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। घटना की जानकारी मिलने पर समाजवादी पार्टी के नेता रवि गौतम गुरुवार को गांव पहुंचे और ग्रामीणों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से आंबेडकर भवन की चारदीवारी कराने और प्रतिमा की सुरक्षा के लिए शीशे का मजबूत कवच लगाने की मांग की।
ग्रामीणों ने रवि गौतम को बताया कि बुधवार देर रात अज्ञात लोगों ने गांव में स्थापित बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया था। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और नई प्रतिमा स्थापित करने की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक महेश कुमार और सीओ दीपक चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया, जिसके बाद आंबेडकर भवन में पहले से रखी दूसरी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर स्थापित करने पर सहमति बनी। प्रशासन ने क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर दूसरी प्रतिमा स्थापित कराई।
ग्रामीणों से बातचीत के दौरान सपा नेता रवि गौतम ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान के माध्यम से देश को समानता, अधिकार और सामाजिक न्याय का मार्ग दिखाया है। ऐसे महापुरुष की प्रतिमा को क्षति पहुंचाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
रवि गौतम ने कहा कि केवल प्रतिमा बदलना पर्याप्त नहीं है, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी सुरक्षा व्यवस्था करना भी जरूरी है। उन्होंने शासन के निर्देशों के अनुरूप आंबेडकर भवन की चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) कराने की मांग की। साथ ही प्रतिमा के चारों ओर मजबूत शीशे का सुरक्षा कवच लगाने पर जोर दिया, ताकि महापुरुषों के सम्मान के साथ ग्रामीणों की भावनाओं की भी रक्षा हो सके।