हापुड़ के स्वर्ग आश्रम रोड स्थित श्री बालाजी धाम मंदिर के बाहर चोरी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपनी जूतियां उतारकर मंदिर के बाहर रखी एक बुजुर्ग महिला की चप्पलें चुरा लीं और उन्हें पहनकर वहां से चली गई। पूरी घटना मंदिर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।

मामला थाना हापुड़ नगर क्षेत्र के स्वर्ग आश्रम रोड स्थित प्रसिद्ध श्री बालाजी धाम मंदिर का है। मंदिर में प्रतिदिन दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। इसी दौरान एक बुजुर्ग महिला अपनी चप्पलें मंदिर के बाहर उतारकर दर्शन करने के लिए अंदर चली गईं।

कुछ देर बाद वहां एक अन्य महिला पहुंची। हैरानी की बात यह रही कि महिला ने खुद जूतियां पहन रखी थीं, लेकिन उसने अपनी जूतियां उतारकर बुजुर्ग महिला की चप्पलें ले जाने का तरीका अपनाया।

मंदिर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में पूरी घटना दिखाई दे रही है। फुटेज के अनुसार, महिला सबसे पहले मंदिर के बाहर फूल वाले के काउंटर के पास पहुंचती है और वहां अपनी जूतियां उतार देती है। इसके बाद वह इत्मीनान से बुजुर्ग महिला की चप्पलों के पास जाती है, उन्हें पहनती है और बिना किसी झिझक के वहां से चली जाती है।

वीडियो में दिखाई दे रही महिला के पहनावे और हाव-भाव को देखकर लोग उसे किसी संपन्न परिवार का सदस्य मान रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर इस बात को लेकर चर्चा हो रही है कि आखिर ऐसी क्या वजह रही होगी कि महिला अपनी जूतियां छोड़कर बुजुर्ग महिला की चप्पलें लेकर चली गई।

फिलहाल, मंदिर के बाहर हुई इस घटना का सीसीटीवी फुटेज स्थानीय व्हाट्सएप ग्रुप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है। अपनी जूतियां उतारकर दूसरे की चप्पलें ले जाने का यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Tags: