हापुड़ में स्कूली बच्चों से भरी ई-रिक्शा सड़क पर पलटी, चार छात्र-छात्राएं घायल
| हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में स्कूली बच्चों से भरी ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में करीब चार छात्र-छात्राएं घायल हुए। राहगीरों ने बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जबकि पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।
हापुड़ अस्पताल के रैंप पर स्ट्रेचर से घायल छात्र को ले जाते लोग दिख रहे हैं।
हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में ई-रिक्शा सवार करीब चार छात्र-छात्राएं घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बच्चों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-रिक्शा बच्चों को लेकर स्कूल की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और ई-रिक्शा बीच सड़क पर पलट गई। रिक्शा पलटने से उसमें सवार बच्चे नीचे दब गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए ई-रिक्शा को सीधा किया और उसके नीचे दबे घायल छात्र-छात्राओं को बाहर निकाला।
इसके बाद राहगीरों ने सभी घायल बच्चों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका प्राथमिक उपचार चल रहा है। गनीमत रही कि हादसे में किसी भी बच्चे को जानलेवा चोट नहीं आई। सभी घायल छात्र-छात्राओं की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस भी सक्रिय हो गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही ई-रिक्शा चालक से भी पूछताछ की जा रही है। स्कूली बच्चों को लेकर जा रही ई-रिक्शा के पलटने की इस घटना के बाद पुलिस हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।