मोंठ के महाविद्यालय कक्ष में संविधान दिवस संगोष्ठी के दौरान वक्ता को सुनते छात्र-छात्राएं दिखाई दे रहे हैं।   

मोंठ (झांसी)। टीकाराम यादव स्मृति महाविद्यालय, मोंठ में गुरुवार, 26 नवंबर को संविधान दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों और नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों पर केंद्रित संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र खरे ने की।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. राजेंद्र खरे ने भारतीय संविधान के निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा और लोकतांत्रिक मूल्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, न्याय और स्वतंत्रता का अधिकार प्रदान करता है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से संवैधानिक कर्तव्यों का पालन करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की प्रभारी डॉ. रचना सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान दिवस नागरिकों को अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है। उन्होंने युवाओं से संविधान की प्रस्तावना में निहित आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम का संयोजन डॉ. रचना सिंह एवं डॉ. प्रणव त्रिपाठी ने किया, जबकि संगोष्ठी का संचालन डॉ. प्रणव त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर डॉ. इंदल शास्त्री, डॉ. बृजेंद्र सिंह चौहान, तन्वी सिद्दीकी, उस्मान बेग, प्रशांत खरे और पुष्पेंद्र निरंजन सहित महाविद्यालय के समस्त प्रवक्तागण, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने भारतीय संविधान के मूल्यों की रक्षा और संवर्धन की शपथ ली। संगोष्ठी के माध्यम से विद्यार्थियों को संवैधानिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक आदर्शों के महत्व से अवगत कराया गया।

Tags: