हापुड़ में ऑपरेशन शस्त्र के तहत बड़ी कार्रवाई, .32 बोर की अवैध पिस्टल के साथ शातिर अपराधी गिरफ्तार
| ऑपरेशन शस्त्र के तहत धौलाना पुलिस ने गुलावठी-मसूरी मार्ग से आरोपी को दबोचा, बुलंदशहर में दर्ज हैं गंभीर मामले।
धौलाना थाने के बाहर पुलिस हिरासत में खड़ा गिरफ्तार आरोपी आकाश राघव नजर आ रहा है।
हापुड़ में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धौलाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को .32 बोर की अवैध पिस्टल और मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आकाश राघव के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ बुलंदशहर जनपद के थाना शिकारपुर में पहले से ही गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
जनपद में अपराध और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र के निर्देशन में विशेष अभियान 'ऑपरेशन शस्त्र' चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना धौलाना पुलिस की टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान गुलावठी-मसूरी मार्ग पर एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल मय मैगजीन (.32 बोर) बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आकाश राघव पुत्र दिनेश सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम पलराझाल, थाना शिकारपुर, जनपद बुलंदशहर का निवासी है। वर्तमान में वह हापुड़ जनपद के धौलाना कस्बे की महादेव कॉलोनी में रह रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आकाश राघव के खिलाफ जनपद बुलंदशहर के थाना शिकारपुर में पहले से दो गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मुकदमा अपराध संख्या 107/2024 शामिल है, जिसमें भारतीय दंड विधान की धारा 323, 354(ख), 452, 504 और 506 के तहत मामला दर्ज है। वहीं, मुकदमा अपराध संख्या 150/2024 में धारा 363, 366, 368 और 504 भादवि के साथ 16/17 पॉक्सो एक्ट तथा 9/10 बाल विवाह अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। दोनों मामले थाना शिकारपुर, जनपद बुलंदशहर से संबंधित हैं।
अभियुक्त की गिरफ्तारी और अवैध हथियार की बरामदगी के संबंध में थाना धौलाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विकलेश कुमार, उपनिरीक्षक शुभम कुमार, हेड कांस्टेबल 303 अमित कुमार और रिक्रूट आरक्षी 296 अजय वर्मा शामिल रहे। सभी थाना धौलाना, जनपद हापुड़ में तैनात हैं। ऑपरेशन शस्त्र के तहत हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने अवैध पिस्टल के साथ ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके खिलाफ पहले से ही गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।