हापुड़ (उत्तर प्रदेश) के थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के ग्राम ततारपुर के जंगल में शनिवार शाम बिजली के पोल की लोहे की खेंच में उतरे करंट की चपेट में आने से 50 वर्षीय गोकुल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम ततारपुर निवासी गोकुल सिंह (50 वर्ष) शनिवार शाम गांव के पास जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान वह गांव के ही निवासी संजू उर्फ संजीव के नलकूप (ट्यूबवेल) के पास से गुजर रहे थे। वहां बिजली के पोल को सहारा देने के लिए लगी लोहे की खेंच (सपोर्टिंग तार) में करंट उतर रहा था। गोकुल सिंह का संपर्क जैसे ही उस खेंच से हुआ, वह करंट की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही गोकुल सिंह के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम छा गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही थाना हापुड़ देहात प्रभारी पारस मलिक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने मौके का जायजा लिया और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। बिजली के पोल की खेंच में उतरे करंट से हुई इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

Tags: