हापुड़ में मिशन शक्ति 5.0 के तहत पुलिस का चेकिंग अभियान, बाजारों में मनचलों से पूछताछ
हापुड़ में मिशन शक्ति 5.0 के तहत पुलिस ने प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर एंटी रोमियो स्क्वाड के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया।
हापुड़ में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मी द्वारा सार्वजनिक स्थान पर संदिग्ध युवक से पूछताछ की जा रही है।
हापुड़ में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के तहत पुलिस ने रविवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एंटी रोमियो स्क्वाड और महिला सुरक्षा दल की टीमों ने प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, गांवों, कस्बों और पार्कों के आसपास सघन जांच की। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूम रहे संदिग्ध लड़कों और युवकों को रोककर पूछताछ की गई।
उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत हापुड़ पुलिस सक्रिय है। जनपद में महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित और विश्वासपूर्ण माहौल बनाने के उद्देश्य से विभिन्न थानों की एंटी रोमियो स्क्वाड टीमों और महिला सुरक्षा दल ने सुबह से ही अभियान की कमान संभाली।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूम रहे संदिग्ध युवकों से पूछताछ की। हुड़दंग और छींटाकशी करने वाले मनचलों एवं शोहदों को कड़ी हिदायत देकर छोड़ा गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मामले में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। साथ ही, आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई। पुलिस का उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं के मन में सुरक्षा तथा सशक्तिकरण की भावना को और मजबूत करना है, ताकि वे बिना किसी भय के सार्वजनिक स्थानों पर आ-जा सकें।
हापुड़ पुलिस के अनुसार, महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग के माध्यम से सुरक्षित वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि जनपद की बेटियां और महिलाएं निडर होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें और अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें।