हापुड़: देशी मुर्गीपालन के लिए CARI बरेली में 2 दिन का फ्री प्रशिक्षण
मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी कार्यालय या नजदीकी पशु अस्पताल में 18 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। 50 लाभार्थियों का चयन होगा।
तस्वीर में दिख रहे मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डा० ओ०पी० मिश्रा अपने कार्यालय में बैठे हैं।
हापुड़ में देशी अंडों के लिए मुर्गीपालन को व्यवसाय के रूप में अपनाने के इच्छुक लोगों के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण का अवसर दिया जा रहा है। माह सितम्बर-अक्टूबर, 2026 में केन्द्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान (CARI), आई०वी०आर०आई० (IVRI), बरेली में 02 दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।
प्रशिक्षण के लिए हापुड़ जनपद के 50 इच्छुक लाभार्थियों का चयन "पहले आओ-पहले पाओ" (First Come, First Served) के आधार पर किया जाएगा। इसके लिए जनपद के इच्छुक पुरुष और महिलाएं, दोनों आवेदन कर सकते हैं।
प्रशिक्षण में चयनित लाभार्थियों के रहने, खाने और परिवहन यानी आने-जाने की पूरी व्यवस्था पशुपालन विभाग की ओर से निःशुल्क की जाएगी। प्रशिक्षण के बाद पशुपालन विभाग की तकनीकी सहायता से लाभार्थी अपने घर के आस-पास डीप-लिटर सिस्टम (Deep-Litter System) में बिना केज (पिंजरे) के 500 से 1000 देशी मुर्गियों का पालन कर सकेंगे और इसे सफल व्यवसाय के रूप में अपना सकते हैं।
इच्छुक लाभार्थी अपना नाम दर्ज कराने के लिए अपने क्षेत्र के नजदीकी पशु चिकित्सालय पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा कार्यालय मुख्य पशुचिकित्साधिकारी, विकास भवन, हापुड़ (दिल्ली रोड) में स्थित कमरा नं०-23, 27 या 29 में स्वयं जाकर भी आवेदन जमा कराया जा सकता है।
प्राथमिकता के आधार पर चयन होने के बाद लाभार्थियों को प्रशिक्षण की निश्चित तिथि के बारे में सूचित कर दिया जाएगा। आवेदन जमा करने की अन्तिम तिथि 18 सितम्बर, 2026 को सायं 03:00 बजे तक निर्धारित की गई है।
मुख्य पशुचिकित्साधिकारी, हापुड़ डा० ओ०पी० मिश्रा की ओर से जारी इस अवसर के तहत इच्छुक पुरुष और महिलाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर प्रशिक्षण में शामिल होने का मौका मिल सकेगा।