हापुड़ की आवास विकास कॉलोनी में गुरुवार दोपहर संदीप शर्मा की घर के बाहर खड़ी कार पर बदमाशों ने फायरिंग की।

हापुड़ जनपद में बदमाशों ने दिनदहाड़े फायरिंग की वारदात को अंजाम देकर कानून-व्यवस्था को चुनौती दी। थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के मेरठ रोड स्थित आवास विकास कॉलोनी में गुरुवार को अज्ञात हमलावरों ने एक घर के बाहर खड़ी कार को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, आवास विकास कॉलोनी निवासी संदीप शर्मा पुत्र श्रद्धानंद शर्मा की कार रोजाना की तरह उनके घर के बाहर खड़ी थी। गुरुवार दोपहर करीब 2:00 बजे एक गाड़ी में सवार होकर कुछ हमलावर वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों और सामने आई जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने संदीप शर्मा की खड़ी कार पर करीब तीन राउंड फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।


अचानक गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिवार के सदस्य सहम गए। जब तक लोग घटना को समझ पाते और घरों से बाहर निकलते, तब तक हमलावर अपनी गाड़ी लेकर वहां से निकल चुके थे। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पीड़ित परिवार में भय का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर गहरा डर और आक्रोश व्याप्त है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही, हमलावरों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना ने आवास विकास कॉलोनी में सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

Tags: