चंदौली में गोवंश तस्करों की पुलिस टीम पर फायरिंग, एक गिरफ्तार; चार आरोपी फरार
कोडरिया-बसरिकपुर मार्ग पर चेकिंग के दौरान क्रूजर सवार तस्करों ने पुलिस पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में वाराणसी का एक आरोपी पकड़ा गया, जबकि चार फरार हो गए।
चंदौली पुलिस की हिरासत में गोवंश तस्करी मामले में गिरफ्तार आरोपी दो पुलिसकर्मियों के बीच खड़ा है।
चंदौली में गोवंश तस्करी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग का मामला सामने आया है। कोडरिया-बसरिकपुर मार्ग पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध क्रूजर वाहन को रोकने की कोशिश करने पर उसमें सवार तस्करों ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर गोलीबारी कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चार अन्य खेतों के रास्ते फरार हो गए। मौके से क्रूजर वाहन में लदे एक गाय और एक सांड को भी बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 12 नवंबर को जारी प्रेस नोट के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम कोडरिया-बसरिकपुर मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध क्रूजर वाहन को रोकने का प्रयास किया। वाहन में सवार लोगों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी चलती गाड़ी से उतरकर खेतों की ओर भागने लगे।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग करते हुए आरोपियों का पीछा किया और सूरज उर्फ गोलू पटेल (26) निवासी लमही, वाराणसी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, वाहन में सवार अन्य चार आरोपी मौके से भागने में सफल रहे।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी सूरज उर्फ गोलू पटेल ने कथित तौर पर बताया कि वह पांच हजार रुपये और गांजा पीने के लालच में गोवंश तस्करी में शामिल हुआ था। वाराणसी से छुट्टा गोवंश को क्रूजर वाहन में लादकर बिहार ले जाया जाता था। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय वाहन में विकास चौहान, बाबू यादव, संतु यादव और शिवकुमार सोनकर भी सवार थे।
पुलिस ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे क्रूजर वाहन में लदे एक गाय और एक सांड को बरामद किया है। मामले में आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों विकास चौहान, बाबू यादव, संतु यादव और शिवकुमार सोनकर की तलाश में जुटी है।