अलिगंज में युवा मतदाताओं को जोड़ने के लिए अभियान तेज
एसडीएम डॉ. शशि शेखर ने प्रधानाचार्यों और ईएलसी प्रभारियों के साथ बैठक कर 18 वर्ष पूरे कर चुके युवाओं के मतदाता पंजीकरण पर जोर दिया।
अलीगंज तहसील सभागार में एसडीएम डॉ. शशि शेखर की अध्यक्षता में मतदाता पंजीकरण बैठक आयोजित हुई।
अलीगंज तहसील सभागार में युवा मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। इसी उद्देश्य से इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्यों एवं इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) प्रभारियों की बैठक आयोजित कर उन्हें जागरूकता और पंजीकरण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए। बैठक में एईआरओ भी उपस्थित रहे। इसकी अध्यक्षता एसडीएम अलीगंज डॉ. शशि शेखर ने की। तहसीलदार संजय सिंह भी इस दौरान मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम डॉ. शशि शेखर ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है। इसलिए प्रत्येक पात्र युवा का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है। उन्होंने इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्यों और ईएलसी प्रभारियों को अपने-अपने विद्यालयों में विद्यार्थियों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने तथा निर्धारित आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी सौंपी।
एसडीएम ने कहा कि युवा देश के लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके प्रत्येक पात्र युवा को मतदाता के रूप में अपना पंजीकरण अवश्य कराना चाहिए। विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं ईएलसी प्रभारी इस अभियान को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सभी से आपसी समन्वय के साथ युवाओं को मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया, ताकि कोई भी पात्र युवा मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
तहसीलदार संजय सिंह ने कहा कि मतदाता पंजीकरण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विद्यालय स्तर पर विशेष प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रधानाचार्यों एवं ईएलसी प्रभारियों से पात्र युवाओं को फॉर्म-6 उपलब्ध कराने और उनके पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग करने का आग्रह किया। साथ ही अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर अधिक से अधिक युवाओं को जागरूक करने की अपील की।
बैठक के दौरान पात्र युवाओं का मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 वितरित किए गए। प्रधानाचार्यों से कहा गया कि वे विद्यार्थियों और युवाओं तक अभियान की जानकारी पहुंचाएं तथा उन्हें मतदाता बनने के लिए प्रेरित करें। प्रशासन ने विद्यालयों के माध्यम से युवा मतदाताओं के पंजीकरण को गति देने के लिए समन्वित प्रयासों पर जोर दिया।