हापुड़ के प्रीत विहार स्थित फ्लैट में फॉरेंसिक टीम और पुलिस जांच पड़ताल करते हुए.   

हापुड़ के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित प्रीत विहार में बृहस्पतिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक फ्लैट के कमरे में 34 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में खलबली मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

मृतक की पहचान थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के मोहल्ला तगासराय के मूल निवासी मोनू पुत्र अशोक (34 वर्ष) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में कोतवाली नगर क्षेत्र के प्रीत विहार में पीई सिटी पार्क के पास स्थित फ्लैट संख्या 137 में रह रहा था।

जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार को मोनू अपने फ्लैट के एक कमरे में मौजूद था। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों और आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद कमरे में जाकर देखा गया तो मोनू का शव फंदे से लटका मिला। यह दृश्य सामने आते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग एकत्र हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने कमरे से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया।

प्रारंभिक जानकारी में घटना के पीछे गृह कलह की वजह बताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की खबर फैलने के बाद आसपास के क्षेत्र में भी शोक का माहौल बन गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।

Tags: