एटा: अलीगंज में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन घायल
जिटौराभान और तिसौरी गांव के बीच हुए सड़क हादसे में घायलों को अलीगंज सीएचसी से हायर सेंटर रेफर किया गया।
एटा के अलीगंज सीएचसी में सड़क हादसे में घायल लोगों का इलाज करते चिकित्सक व परिजन।
एटा जिले के अलीगंज क्षेत्र में जिटौराभान और तिसौरी गांव के बीच दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो घायलों की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। तीसरे घायल की हालत उपचार के बाद स्थिर बताई गई है।
घायलों की पहचान जिटौराभान निवासी कैलाश चंद्र (28) पुत्र नहर सिंह, मदनपाल (65) पुत्र शहजादे सिंह और लोकेंद्र (25) पुत्र अवधपाल के रूप में हुई है। लोकेंद्र, घायल कैलाश चंद्र के सगे भतीजे हैं।
जानकारी के अनुसार, कैलाश चंद्र और लोकेंद्र बाइक से भरपुरा गांव दाना डालने गए थे। वहां से वापस लौटते समय रास्ते में उन्हें अपने ही गांव के मदनपाल मिल गए। दोनों ने मदनपाल को भी अपनी बाइक पर बैठा लिया। बाइक लोकेंद्र चला रहे थे। इसी दौरान जिटौराभान और तिसौरी गांव के बीच सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी गंभीर रही कि बाइक सवार तीनों लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने तीनों का उपचार शुरू किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज के चिकित्साधिकारी डॉ. अखलाक खान ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से तीन घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कैलाश चंद्र की हालत उपचार के बाद स्थिर है, जबकि लोकेंद्र और मदनपाल को प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
वहीं, मामले को लेकर एसआई जयवीर सिंह ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में नहीं है। मामले की जानकारी कराई जा रही है और पुलिस को मौके पर भेजा जा रहा है। हादसे में तीन लोगों के घायल होने और दो को हायर सेंटर रेफर किए जाने के बाद पुलिस की ओर से घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।