हापुड़ जिला अस्पताल में फीता काटकर डायलिसिस सेंटर का उद्घाटन करते जनप्रतिनिधि व अधिकारी।

हापुड़ जिला अस्पताल में किडनी रोगियों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा शुरू हो गई है। अस्पताल परिसर में नव-स्थापित डायलिसिस यूनिट का हापुड़ सदर विधायक विजय पाल आढ़ती ने उद्घाटन कर इसे आम जनता की सेवा में समर्पित किया। यूनिट के शुरू होने से अब स्थानीय स्तर पर ही मरीजों को डायलिसिस की सुविधा मिल सकेगी।

अब तक हापुड़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के किडनी रोगियों को नियमित डायलिसिस के लिए मेरठ, दिल्ली या गाजियाबाद जैसे बड़े शहरों की ओर जाना पड़ता था। जिला अस्पताल में सुविधा शुरू होने से मरीजों और उनके तीमारदारों को लंबी दूरी की यात्रा से राहत मिलेगी। आपातकाल या नियमित अंतराल पर होने वाली डायलिसिस के लिए अब घंटों का सफर नहीं करना पड़ेगा।

स्थानीय स्तर पर डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों और तीमारदारों के दूसरे शहरों में आने-जाने तथा वहां ठहरने पर होने वाले खर्च में भी भारी कटौती होगी। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी।

उद्घाटन समारोह में स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों और प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से हापुड़ सदर विधायक विजयपाल आड़ती, पवन चौधरी (पूर्व मंडल अध्यक्ष), योगेंद्र चौधरी, अनिल त्यागी, अजय भास्कर सहित जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक एवं स्टाफ मौजूद रहा।

किडनी के गंभीर रोगों में डायलिसिस एक जीवन रक्षक प्रक्रिया है। जिला अस्पताल में डायलिसिस यूनिट का शुरू होना हापुड़ के स्वास्थ्य ढांचे के लिए एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा, जिसका सीधा लाभ गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को मिलेगा।

Tags: