हापुड़ में 2019 से फरार 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद
बाबूगढ़ थाना पुलिस ने 2019 से फरार चल रहे 25,000 रुपये के इनामी शराब तस्कर कपिल को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया।
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने वर्ष 2019 से शराब तस्करी के मामले में फरार चल रहे 25,000 रुपये के इनामी अभियुक्त कपिल को गिरफ्तार करने के बाद मामले का खुलासा किया।
हापुड़ में अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बाबूगढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वर्ष 2019 से शराब तस्करी के मामले में फरार चल रहे 25,000 रुपये के इनामी अभियुक्त कपिल को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, बाबूगढ़ थाना पुलिस क्षेत्र में चेकिंग और वांछित अपराधियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कोटा अड्डा मार्ग पर मुर्गी फार्म के पास घेराबंदी की और अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कपिल पुत्र हाकम सिंह, निवासी ग्राम कोटा हरनाथपुर, थाना बाबूगढ़, जनपद हापुड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, कपिल के खिलाफ उत्तर प्रदेश से लेकर पंजाब तक कई मामले दर्ज हैं। थाना बांसडीह, जनपद बलिया में वर्ष 2019 में शराब तस्करी, धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप में धारा 419, 420, 467, 468, 471 भादवि और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में वह वांछित चल रहा था।
इसके अलावा थाना राजपुरा सिटी, जिला पटियाला, पंजाब में उसके खिलाफ धोखाधड़ी और साजिश के आरोप में धारा 420, 407 और 120बी भादवि के तहत मामला दर्ज है। वहीं थाना बाबूगढ़, हापुड़ में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं 132, 262, 263, 351(3) और 352 के तहत हाल ही में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने अवैध हथियार बरामद होने के मामले में भी थाना बाबूगढ़ में शस्त्र अधिनियम (आर्म्स एक्ट) की धारा 3/25 के तहत नया मुकदमा दर्ज किया है। बाबूगढ़ थाना पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।