मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग पर हापुड़ में कांग्रेस का सत्याग्रह
हापुड़ में मुख्य चुनाव आयुक्त की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस जनों ने अतरपुरा चौराहा पर एक दिवसीय उपवास रखा।
हापुड़ के अतरपुरा चौराहा स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा स्थल पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी की मांग को लेकर उपवास रखते कांग्रेस कार्यकर्ता।
हापुड़ (उत्तर प्रदेश) में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की पद से बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने 8 अक्टूबर को अतरपुरा चौराहा स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा स्थल पर सत्याग्रह किया और एक दिवसीय उपवास रखा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी और शहर अध्यक्ष इरफान अहमद के संयुक्त नेतृत्व में कांग्रेस जन नेहरू प्रतिमा स्थल पर एकत्रित हुए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि दिल्ली के जंतर मंतर पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और INDIA गठबंधन दलों के सांसदों के साथ पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए बर्बरतापूर्ण व्यवहार की कांग्रेस जन कड़ी शब्दों में भर्त्सना और निंदा करते हैं। उन्होंने बताया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की पद बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस द्वारा प्रातः 11 बजे से सायंकाल 5 बजे तक भूख हड़ताल और सत्याग्रह का कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
शहर अध्यक्ष इरफान अहमद ने कहा कि INDIA गठबंधन दलों के सांसदों को मुख्य चुनाव आयोग के दफ्तर में मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलने जाने के लिए केंद्र की मोदी सरकार पुलिस प्रशासन के बल पर रोक रही है और उनके साथ बेहद बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ पुलिस प्रशासन द्वारा जिस तरह धक्कामुक्की की गई, उससे देश के करोड़ों कांग्रेस जन बेहद आहत हुए हैं।
पूर्व विधायक गजराज सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से चुनाव में की गई वोट चोरी को लेकर जवाब मांगने का कांग्रेस जनों को पूर्ण अधिकार है। उन्होंने सवाल उठाया कि पुलिस प्रशासन के दम पर उन्हें बार-बार मिलने से क्यों रोका जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इसी को लेकर देश भर में कांग्रेस जन 8 अक्टूबर के दिन को लोकतंत्र के "काला दिवस" के रूप में मना रहे हैं। हापुड़ में आयोजित सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस जनों ने रघुपति राघव राजा राम और वैष्णव जन तो तेने कहिये का गीत गाकर केंद्र सरकार के खिलाफ अपना शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया।
सत्याग्रह में पूर्व धौलाना विधानसभा प्रत्याशी पंडित अरविंद शर्मा, पूर्व शहर अध्यक्ष दिनेश चंद शर्मा, एजाज अहमद, पिलखुआ नगर अध्यक्ष रजनीश त्यागी, डॉक्टर शोएब, एड. रघुवीर सिंह, आई सी शर्मा, सुशील शास्त्री, मदन सिंह चौहान, नरेश भाटी, मानवी सिंह, यशपाल ढीलोर, लाल बहादुर, सुविध शास्त्री, डॉक्टर फराहीम, पूरणमल आनंद, कपिल शर्मा, गौरव गर्ग, ऋषिपाल सिंह, मोहम्मद नफीस, शादाब सैफी, सुशील शर्मा, रामलाल आर्य, डालचंद सिंह, अली मुर्तजा, हरीश गर्ग, जकरिया मनसबी, आदेश शर्मा, बिजेंद्र त्यागी, कुसुम लता, मनोज कुमार, सुधीर शर्मा, सरला देवी, सुखपाल गौतम, एड. फुरकान, जितेंद्र नागर, अफजाल आढ़ती, मन्नू प्रधान, विनोद जाटव, विनोद कर्दम, अब्दुल कलाम, अनूप कर्दम, अनस, लोकपाल सागर, जस्सा सिंह, गोपाल भारती, महबूब अली आदि सहित सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे।