50 हजार की रिश्वत लेते कानूगो रंगेहाथ गिरफ्तार, लेखपालों ने किया जमकर हंगामा
हापुड़ की धौलाना तहसील में एंटी करप्शन टीम ने 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूगो को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान साथी लेखपालों ने टीम को घेरकर हंगामा किया, जिसके बाद आरोपी को थाने ले जाया गया।
तस्वीर में धौलाना तहसील परिसर के बाहर जुटी लोगों की भीड़ औरinset में गिरफ्तार किए गए कानूगो का फोटो दिखाई दे रहा है.
हापुड़ जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई करते हुए धौलाना तहसील में तैनात एक कानूगो (राजस्व निरीक्षक) को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान तहसील परिसर में उस समय हंगामा शुरू हो गया, जब साथी लेखपालों ने एंटी करप्शन टीम को घेर लिया।
जानकारी के मुताबिक, धौलाना तहसील में तैनात कानूगो एक जमीनी मामले में रिपोर्ट लगाने के नाम पर पीड़ित से रकम की मांग कर रहा था। पीड़ित की शिकायत के बाद एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। इसके तहत टीम ने जाल बिछाया।
पीड़ित ने जैसे ही कानूगो को 50 हजार रुपये की रसायनयुक्त नकदी सौंपी, पहले से तैयार एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही धौलाना तहसील के लेखपाल लामबंद हो गए और एंटी करप्शन टीम को चारों तरफ से घेरकर हंगामा शुरू कर दिया।
लेखपालों के विरोध और हंगामे के चलते तहसील परिसर का माहौल तनावपूर्ण हो गया। एंटी करप्शन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी कानूगो को भीड़ से बाहर निकाला और सुरक्षित थाने ले गई।
इसके बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी कानूगो को लेकर संबंधित थाने पहुंची। वहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के बाद धौलाना तहसील सहित जिले के राजस्व विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।