तस्वीर में दिख रही छात्रा उदास बैठी है, यह तस्वीर काल्पनिक है और एआई द्वारा केवल संदर्भ के लिए बनाई गई है।

अलीगंज में स्कूल से घर लौट रही एक नाबालिग छात्रा से कथित छेड़छाड़ के मामले ने छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पुराने बिजली घर रोड पर छात्राओं की सुरक्षा के साथ ही मिशन शक्ति और एंटी रोमियो अभियान की निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक नाबालिग छात्रा स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में दो युवकों ने उसे रोककर कथित तौर पर छेड़छाड़ की। छात्रा ने इसका विरोध किया तो आरोप है कि दोनों युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज की और वहां से चले गए। घर पहुंचने के बाद छात्रा ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो नामजद युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बताया जाता है कि पुराने बिजली घर रोड पर आधे दर्जन से अधिक स्कूल-कॉलेज और कोचिंग सेंटर संचालित होते हैं। इसके चलते इस मार्ग पर दिनभर छात्र-छात्राओं की आवाजाही रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल और कोचिंग सेंटरों की छुट्टी के समय कुछ युवक सड़क के आसपास घूमते रहते हैं। छात्राओं पर फब्तियां कसने और उन्हें परेशान किए जाने की शिकायतें भी सामने आती रहती हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक इस मार्ग पर आए दिन युवकों के बीच विवाद और लड़ाई-झगड़े की स्थिति भी बनती रहती है। लोगों का कहना है कि शिक्षण संस्थानों की संख्या अधिक होने के कारण छुट्टी के समय इस मार्ग पर पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाए जाने की जरूरत है।

सरकार की ओर से महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है। वहीं स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर युवतियों को परेशान करने वालों के खिलाफ एंटी रोमियो अभियान के तहत कार्रवाई की जाती है। इसके बावजूद शिक्षण संस्थानों वाले मार्ग पर छात्राओं से कथित छेड़छाड़ की घटना सामने आने के बाद इन अभियानों की जमीनी निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

सवाल यह भी है कि यदि स्कूल-कॉलेजों के आसपास और छुट्टी के समय नियमित निगरानी होती है तो छात्राओं को परेशान करने वाले युवकों पर अंकुश लगाने के लिए क्या व्यवस्था है। स्थानीय लोगों ने पुराने बिजली घर रोड समेत शिक्षण संस्थानों के आसपास छुट्टी के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और एंटी रोमियो टीम की नियमित निगरानी की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि छात्राओं को पढ़ाई के लिए स्कूल और कोचिंग तक सुरक्षित माहौल में आने-जाने का अधिकार है। इसलिए केवल अभियान चलाने के बजाय संवेदनशील मार्गों पर नियमित पुलिस मौजूदगी, संदिग्ध युवकों की निगरानी और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई जरूरी है।

थाना प्रभारी रुपेश वर्मा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है और जांच के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Tags: