Etah Road Accident: एटा में स्विफ्ट और स्कॉर्पियो की भिड़ंत, 12 लोग घायल
कमसान काली मंदिर के पास हुआ हादसा, दीपावली पर घर लौट रहे इंजीनियर का परिवार और अंतिम संस्कार से आ रहे लोग हुए घायल, दो की हालत गंभीर।
एटा के मेडिकल कॉलेज में भर्ती सड़क हादसे के घायल मरीज, जहां उनका उपचार चल रहा है।
एटा। जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में कमसान काली मंदिर के समीप स्विफ्ट डिजायर और स्कॉर्पियो कार के बीच हुई भीषण भिड़ंत में महिलाओं, बच्चों और पुरुषों सहित 12 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद आसपास के लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और कारों में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से एटा के वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे में दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार परिवार अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में शामिल होकर वापस एटा लौट रहा था। वहीं, स्विफ्ट डिजायर में सवार इंजीनियर का परिवार दीपावली के अवसर पर गुड़गांव से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कमसान काली मंदिर के समीप दोनों कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद वाहनों में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में स्विफ्ट डिजायर सवार इंजीनियर अंकित पुत्र रामशरण (उम्र 34 वर्ष), उनकी पत्नी अंजली पत्नी अंकित (उम्र 32 वर्ष), अथर्व पुत्र अंकित पाठक (उम्र 7 वर्ष) और ॐ पुत्र अंकित (उम्र 4 वर्ष) निवासी नगला जाऊ, थाना जैथरा घायल हो गए। इंजीनियर अंकित गुड़गांव की सिग्नेचर कंपनी में काम करते हैं। दीपावली पर वह अपने परिवार के साथ घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
वहीं, स्कॉर्पियो में सवार अजीत पुत्र क्षत्रपाल, गदन पुर (उम्र 18 वर्ष), अनूप पुत्र सुनए सिंह (उम्र 27 वर्ष), रजनी पत्नी अवनीश, हिम्मतपुर (उम्र 30 वर्ष), सुषमा पत्नी संत पाल (उम्र 70 वर्ष), अनुज पुत्र रामेश्वर, हिम्मतपुर (उम्र 32 वर्ष), माही देवी पत्नी बलबीर निवासी हिम्मतपुर (उम्र 63 वर्ष) और लता पत्नी रामरहीस निवासी हिम्मतपुर (उम्र 30 वर्ष) घायल हुए हैं। स्कॉर्पियो सवार सभी लोग नगला क्षेणी, थाना कुरावली से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में शामिल होकर एटा लौट रहे थे।
इंजीनियर के भाई गौरव वार्ष्णेय ने बताया कि उनका भाई इंजीनियर है और दीपावली के पर्व पर परिवार के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान स्विफ्ट और स्कॉर्पियो की टक्कर हो गई। हादसे में परिवार के चार लोग घायल हुए हैं और सभी का उपचार चल रहा है।
वहीं, सुमित यादव ने बताया कि आगरा रोड पर हिम्मतपुर गांव के लोग अंतिम संस्कार से घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान स्विफ्ट और स्कॉर्पियो कार की भिड़ंत हो गई, जिसमें एक ही परिवार के 8 लोग घायल हुए हैं। सभी का उपचार जारी है और दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के बाद घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी और दोनों वाहनों में सवार परिवारों के सदस्यों के घायल होने से क्षेत्र में हलचल मच गई। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराए जाने के बाद उनका उपचार जारी है।