दिख रहे व्यक्ति और दो बच्चे एटा सड़क हादसे के पीड़ित परिवार के सदस्य हैं।   

एटा जिले में गुरुवार को तेज रफ्तार मैक्स पिकअप की टक्कर से बाइक सवार पिता और उनके दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। हादसा कोतवाली देहात क्षेत्र में जंगलपुर के पास हुआ, जहां पीछे से आई पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान कठौली गांव निवासी तेजवीर पुत्र कन्हैया लाल, उनकी 9 वर्षीय बेटी राधिका और 7 वर्षीय बेटे जोगराज के रूप में हुई है। तीनों को पुलिस एटा स्थित वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से कठौली गांव में शोक छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, कठौली गांव निवासी तेजवीर गुरुवार को अपने दोनों बच्चों को दवा दिलाने के लिए बाइक से वाहनपुर जा रहे थे। बाइक पर उनकी बेटी राधिका और बेटा जोगराज भी सवार थे। गांव से करीब 200 मीटर दूर जंगलपुर के पास पीछे से तेज रफ्तार में आई मैक्स पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तेजवीर और उनके दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को उपचार के लिए एटा स्थित वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। पिता और दोनों बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, कठौली गांव में भी शोक की लहर फैल गई।

ब्लॉक प्रमुख शीतलपुर पुष्पेंद्र लोधी ने बताया कि कठौली गांव का एक बाइक सवार अपने बच्चों को लेकर वाहनपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार मैक्स पिकअप ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि तीनों अपने घर कठौली गांव से वाहनपुर जा रहे थे।

एटा के अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि सड़क दुर्घटना में बाइक सवार तेजवीर पुत्र कन्हैया लाल, उनकी 9 वर्षीय बेटी राधिका और 7 वर्षीय बेटे जोगराज की मौत हुई है। हादसा कठौली गांव से करीब 200 मीटर दूर हुआ। वह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर मौजूद हैं और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

एटा मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. सुरेश चंद्रा ने बताया कि सड़क हादसे में घायल तीन लोगों को मेडिकल कॉलेज लाया गया था। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहे और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की गई। दवा दिलाने के लिए बच्चों को लेकर निकले तेजवीर और उनके दोनों बच्चों की मौत से एक परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई।

Tags: