मुरादाबाद में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार 17 वर्षीय छात्र को कुचला, मौके पर मौत; सिपाही-पिता घायल
| मुरादाबाद के भोजपुर क्षेत्र में काशीपुर की ओर से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार 17 वर्षीय छात्र सोंटी को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर मौत हो गई, जबकि खतौली थाने में तैनात कांस्टेबल और उनके पिता घायल हुए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से चालक की तलाश कर रही है।
सड़क किनारे आगे के हिस्से से बुरी तरह क्षतिग्रस्त एक सफेद कार खड़ी दिखाई दे रही है।
मुरादाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र में ग्राम नेकपुर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार 17 वर्षीय हाईस्कूल के छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मुजफ्फरनगर के खतौली थाने में तैनात एक कांस्टेबल और उनके पिता भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए मुरादाबाद के हायर सेंटर रेफर किया गया। घटना के बाद मृतक छात्र के परिवार में कोहराम मच गया।
भोजपुर क्षेत्र के ग्राम नेकपुर निवासी लेखराज का 17 वर्षीय पुत्र सोंटी पीपलसाना स्थित मोहम्मद रिजवान उल हक मेमोरियल इंटर कॉलेज में कक्षा 10 में पढ़ता था। बुधवार को वह बाइक से ट्यूशन पढ़ने के लिए पीपलसाना जा रहा था। इसी दौरान गांव के पास काशीपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी और उसे कुचल दिया। हादसा इतना गंभीर था कि सोंटी की मौके पर ही मौत हो गई।
इसी दौरान मुजफ्फरनगर के खतौली थाने में तैनात कांस्टेबल परवेज अपने पिता महमूद हुसैन के साथ बाइक से ग्राम गोट जा रहे थे। उन्हें अपनी नानी हसीना बेगम की तीजे की फातिहा में शामिल होना था। सामने हुए हादसे को देखकर कांस्टेबल परवेज घबरा गए। इस दौरान बाइक से उनका संतुलन बिगड़ गया और उनकी बाइक भी उसी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। दुर्घटना में परवेज और उनके पिता महमूद हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए मुरादाबाद के हायर सेंटर भिजवाया। पुलिस ने मृतक छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद दोपहर में गमगीन माहौल के बीच सोंटी का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मामले में मृतक छात्र के चाचा बिजेंदर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के अनुसार, हादसे के बाद फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली और उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए घटनास्थल के आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस फरार चालक तक पहुंचने के लिए जांच में जुटी है।