मोगा स्थित रैली स्थल पर कॉफी मशीन फटने के बाद बिखरा सामान और गिरी कुर्सियां दिख रही हैं।   

पंजाब के मोगा में आम आदमी पार्टी (आप) की ‘खुशहाल पंजाब रैली’ से पहले तैयारियों के दौरान एक हादसा हो गया। रैली स्थल पर अचानक एक कॉफी मशीन तेज धमाके के साथ फट गई। विस्फोट इतना जोरदार था कि मशीन का एक हिस्सा उछलकर वहां काम कर रहे एक युवक के सिर पर जा लगा। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

यह हादसा मोगा-लुधियाना रोड स्थित गांव नथूवाला जदीद (मटवानी) में रैली की अंतिम तैयारियों के दौरान हुआ। यहां आज आम आदमी पार्टी की महारैली आयोजित की जा रही है। पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान राज्य में स्मार्ट राशन कार्ड वितरण की औपचारिक शुरुआत भी करेंगे। इस जनसभा में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

रैली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान शामिल होने पहुंचेंगे। दोनों नेता इस मंच से आगामी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के अभियान का औपचारिक आगाज करेंगे। आप पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू के अनुसार, महारैली में केजरीवाल और मान के साथ पूरी कैबिनेट तथा पार्टी का वरिष्ठ नेतृत्व भी मौजूद रहेगा। उन्होंने इस आयोजन को पंजाब की राजनीति में नए अध्याय की शुरुआत बताया है।

महारैली के दौरान अरविंद केजरीवाल पंजाब को और अधिक खुशहाल बनाने का रोडमैप जनता के सामने रखेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी सरकार के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे। पार्टी का दावा है कि सरकार ने 2022 में किए गए चुनावी वादों और पांच बड़ी गारंटियों को पूरा किया है। रैली में शिक्षा, स्वास्थ्य, मोहल्ला क्लीनिक, महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा और 10 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा जैसी योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख किया जाएगा।

इसके अलावा पंजाब के पानी, चंडीगढ़ और फंड से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार पर भेदभाव के आरोप लगाए जाएंगे। पार्टी की ओर से भाजपा-अकाली गठबंधन को भी निशाने पर लिया जाएगा। इस तरह महारैली के मंच से सरकार के पांच साल के कामकाज और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति दोनों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।

रैली की व्यवस्थाओं को लेकर आप नेता कुलदीप सिंह धालीवाल ने बताया कि आयोजन के लिए 116 एकड़ क्षेत्र में विशाल पंडाल तैयार किया गया है। दूर-दराज से आने वाले कार्यकर्ताओं और आम लोगों की सुविधा के लिए दो अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही लंगर, स्वच्छ पेयजल और शौचालयों की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

महारैली में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पंजाब पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने पूरे आयोजन स्थल पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। स्थापना दिवस के कार्यक्रम, स्मार्ट राशन कार्ड वितरण की शुरुआत और 2027 के विधानसभा चुनाव अभियान के आगाज के बीच रैली स्थल पर कॉफी मशीन फटने की घटना ने तैयारियों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को भी महत्वपूर्ण बना दिया है। घायल युवक की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

Tags: