झांसी पुलिस की हिरासत में जेवर चोरी के आरोप में गिरफ्तार एक युवती और युवक खड़े दिखाई दे रहे हैं।

झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में रिश्तेदारी की आड़ में घर से लाखों रुपये के जेवर चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चोरी के आरोप में एक युवती और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब दो लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रेमनगर निवासी अंजलि अहिरवार ने 24 नवंबर को घर से जेवर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में सामने आया कि उनके ममिया ससुर मनोज कुमार की बेटी शालिनी का घर में आना-जाना था। इस कारण उसे घर में रखे जेवरों की पूरी जानकारी थी।

आरोप है कि शालिनी ने घर में आने-जाने और जेवरों की जानकारी होने का फायदा उठाया। उसने अपने प्रेमी संजय अहिरवार निवासी दतिया के साथ मिलकर 25 अक्टूबर को घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के जेवर बरामद कर लिए।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो कमरबंद, तीन जोड़ी पायल, आठ जोड़ी बिछिया, दो बेसर, एक लेडीज अंगूठी, एक जोड़ी कान के टॉप्स और सोने का एक ओम बरामद किया है। बरामद आभूषणों की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।

एसएसपी विकास कुमार के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में एसपी सिटी प्रीति सिंह और सीओ सदर सिमरन सिंह का पर्यवेक्षण रहा। सीओ सदर ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद झांसी कोर्ट में पेश किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Tags: