बरेली के एक अस्पताल परिसर के बाहर छात्र की मौत के बाद खड़े परिजन और स्थानीय लोग दिख रहे हैं।

बरेली में रामगंगा मेला देखकर घर लौट रहे 27 वर्षीय डी-फार्मा छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव देर रात लाल फाटक के पास आर्या अस्पताल के नजदीक सड़क किनारे पड़ा मिला, जबकि मोटरसाइकिल पास में ही खड़ी थी। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक की पहचान थाना सुभाषनगर क्षेत्र की रामा आश्रम कॉलोनी निवासी अंशित कुमार सक्सेना के रूप में हुई है। उसके पिता अमित कुमार सक्सेना ने बताया कि अंशित डी-फार्मा का छात्र था। वह शाम करीब नौ बजे मोटरसाइकिल से रामगंगा मेला देखने के लिए घर से निकला था। उसके साथ तीन-चार दोस्त भी गए थे।

पिता के अनुसार, रात करीब 11 बजे मेला देखने के बाद अंशित घर लौट रहा था। इसी दौरान लाल फाटक के पास आर्या अस्पताल के नजदीक वह सड़क किनारे पड़ा मिला। उसकी मोटरसाइकिल भी घटनास्थल के पास खड़ी थी। किसी व्यक्ति ने परिवार को इसकी सूचना दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और अंशित को तत्काल जिला अस्पताल लेकर गए। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

अंशित की मौत को लेकर उसके पिता अमित कुमार सक्सेना ने बेटे के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई है। फिलहाल उसकी मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। उसके शरीर पर चोट के निशान हैं या नहीं, यह भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी। मामले की जांच के तहत पुलिस अंशित के साथ मेला देखने गए दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है।

रामगंगा मेला देखकर लौटते समय हुई छात्र की इस संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, जवान बेटे की मौत की खबर से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Tags: