तस्वीर में ढहे हुए कंक्रीट के ढांचे के पास मलबा हटाती पीली जेसीबी मशीन।

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के खनन क्षेत्र अहरौरा में क्रशर प्लांट पर अचानक फाउंडेशन समेत मकान, रैंप और मशीन का हिस्सा जमीन में धंसने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद 4-5 लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई, जिससे वहां हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, अहरौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिंटू पटेल के भगवती देई प्लांट में यह हादसा हुआ। भगवती देई स्थित क्रशर प्लांट पर अचानक मकान और प्लांट का प्लांटेशन, फाउंडेशन तथा मशीन का हिस्सा बैठ गया। इस दौरान मौके पर मौजूद मजदूर मलबे में दब गए, जबकि वहां मौजूद कुछ लोग जान बचाकर भाग खड़े हुए। बताया जा रहा है कि हादसे के समय क्रशर प्लांट मालिक पिंटू पटेल मौके पर मौजूद नहीं रहे।

घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी चुनार सहित अहरौरा थाना पुलिस भारी फोर्स और बचाव दल के साथ मौके पर पहुंचा। इसके बाद जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर उसमें दबे लोगों की तलाश शुरू की गई। बचाव एवं राहत कार्य के दौरान मलबे के नीचे दबे चार-पांच लोगों को बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।

हालांकि, घायलों को उपचार के लिए कहां भेजा गया है और कुल कितने लोग मलबे में दबे हैं, यह अभी स्पष्ट रूप से सामने नहीं आया है। इस संबंध में कोई भी खुलकर बोलने को तैयार नहीं है। मौके पर जेसीबी मशीनों की मदद से लगातार मलबा हटाकर अंदर दबे लोगों की तलाश की जा रही है और अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।

वहीं, मलबे में अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे में कई लोगों की मौत होने की आशंका भी व्यक्त की गई है। घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी रहा। इस हादसे ने एक बार फिर खदानों और क्रशर प्लांटों पर कार्यरत मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Tags: