दिल्ली के सत्य निकेतन में 5 मंजिला इमारत गिरी, कटनी के छात्र की मौत
दक्षिण दिल्ली में हुए हादसे में अब तक 6 लोगों की जान गई; रक्षाबंधन पर घर आया छात्र यूपीएससी की तैयारी कर रहा था।
तस्वीर में बाईं ओर अक्षत यादव और दाईं ओर मलबे में बचाव कार्य में जुटे एनडीआरएफ कर्मी।
कटनी/नई दिल्ली। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को पांच मंजिला इमारत के अचानक भरभराकर गिरने से हुए दर्दनाक हादसे में मध्यप्रदेश के कटनी निवासी होनहार छात्र अक्षत सिंह यादव की भी जान चली गई। अक्षत की मौत की खबर कटनी पहुंचते ही दुबे कॉलोनी स्थित उनके घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अक्षत अफसर बनने का सपना लेकर पढ़ाई कर रहे थे, लेकिन दिल्ली में हुए इस हादसे ने उनका सपना अधूरा छोड़ दिया। बताया गया कि वह रक्षाबंधन पर अपने घर कटनी आया था। अब हादसे के बाद उसका शव वापस कटनी लौटेगा।
दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास हुए इस हादसे में पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। मलबे में लोगों के दबे होने की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद कई जिंदगियां नहीं बचाई जा सकीं।
हादसे में अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में कटनी के अक्षत सिंह यादव का नाम सामने आने के बाद उनके परिवार और परिचितों में शोक की लहर है। रक्षाबंधन पर घर आया परिवार का होनहार बेटा अब शव के रूप में लौटेगा। दिल्ली के इस हादसे ने कई परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।