संविधान दिवस पर हापुड़ को सौगात, तीनों विधानसभा क्षेत्रों में महापुरुषों की प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण का शिलान्यास
| संविधान दिवस पर हापुड़ में डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत तीनों विधानसभा क्षेत्रों में महापुरुषों की प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण का शिलान्यास हुआ। जानिए किन स्थानों पर विधायकों ने विकास कार्यों की आधारशिला रखी।
प्रतिमाओं के पास खड़े विधायक और ग्रामीण हापुड़ में विकास कार्यों के शुभारंभ अवसर पर दिख रहे हैं।
हापुड़। संविधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार की डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत हापुड़ जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में महापुरुषों की प्रतिमाओं के नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास किया गया। गुरुवार को आयोजित कार्यक्रमों में स्थानीय विधायकों की मौजूदगी में चयनित स्थलों पर विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई।
भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों, आदर्शों और सामाजिक न्याय के प्रति उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार यह योजना संचालित कर रही है। इसके तहत बाबासाहेब सहित राष्ट्रीय स्तर के अन्य समाज सुधारकों और महापुरुषों की प्रतिमाओं का नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।
इस योजना के तहत मुख्य कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को लखनऊ स्थित लोक भवन में मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। हापुड़ जिले के चयनित स्थलों पर कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने देखा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में प्रतिमाओं के विकास के लिए 10-10 स्थल चयनित किए गए हैं। मुख्य कार्यक्रम के तहत तीनों विधानसभा क्षेत्रों में संबंधित विधायकों की मौजूदगी में पूजन के बाद शिलान्यास किया गया।
हापुड़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नली हुसैनपुर में सदर विधायक विजयपाल आढ़ती ने डॉ. बी.आर. आंबेडकर की प्रतिमा के सौंदर्यीकरण कार्य की आधारशिला रखी। धौलाना विधानसभा क्षेत्र के पिलखुवा में विधायक धर्मेश सिंह तोमर ने महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा के नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास किया। वहीं, गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गंदू नगला में विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया की उपस्थिति में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा के विकास कार्यों का शुभारंभ हुआ।
इसके अलावा जनपद के अन्य चयनित स्थलों पर संबंधित ग्राम प्रधानों के माध्यम से भी कार्यक्रम आयोजित किए गए और शिलान्यास की प्रक्रिया पूरी की गई। इस तरह संविधान दिवस पर हापुड़ की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 30 चयनित स्थलों पर महापुरुषों की प्रतिमाओं के नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण कार्यों की शुरुआत की गई।