सकलडीहा में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत

चंदौली के सकलडीहा में अज्ञात वाहन की टक्कर से 22 वर्षीय इलेक्ट्रॉनिक मिस्त्री की मौत। परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार कर घर लौट आए, जिसके बाद अब पुलिस कार्रवाई की राह देख रही है। जाने क्या है पूरा मामला।

Update: 2026-07-13 08:28 GMT

तस्वीर में मृतक दीपक मौर्य और दुर्घटनाग्रस्त हुई बाइक दिखाई दे रही है।

चंदौली के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ताजपुर गांव में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 22 वर्षीय दीपक मौर्य की मौत हो गई। पेशे से इलेक्ट्रॉनिक मिस्त्री दीपक रविवार रात करीब 9:30 बजे ताजपुर पेट्रोल पंप से अपनी बाइक में तेल भरवाकर घर लौट रहा था। तभी पेट्रोल पंप के समीप एक अज्ञात भारी वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया और काफी देर तक सड़क पर तड़पता रहा। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे आनन-फानन में सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

इस दुखद घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही बलुआ घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया, जिसके चलते दुर्घटना की कानूनी जांच की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी। सकलडीहा कोतवाल भूपेंद्र निषाद ने स्पष्ट किया कि पुलिस को दुर्घटना के संबंध में परिजनों की ओर से न तो कोई सूचना दी गई है और न ही कोई तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। दीपक की असमय मौत से माता चंदा देवी और पिता जोगिंदर मौर्य सहित पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और समूचे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।

Tags:    

Similar News