मिर्जापुर में मेड़ विवाद पर किसान पर चली गोली, बाल-बाल बची जान; पुलिस जांच जारी

मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के अमोई गांव में मेड़ बांधने के विवाद में किसान बसंत लाल पर कथित फायरिंग की गई। गोली चूकने से उनकी जान बच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Update: 2026-07-14 10:02 GMT

मड़िहान थाना क्षेत्र के अमोई गांव में पुलिस अधिकारी घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए।

मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के अमोई गांव में जमीन विवाद को लेकर मंगलवार को विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब खेत की मेड़ बांधने को लेकर हुई कहासुनी के दौरान कथित तौर पर फायरिंग कर दी गई। गोली निशाने से चूक जाने के कारण किसान की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, अमोई गांव निवासी बसंत लाल (60 वर्ष), पुत्र श्रीराम सिंह पटेल का गांव के ही एक व्यक्ति, जिसे स्थानीय लोग “मास्टर” के नाम से जानते हैं, से खेत की मेड़ बांधने को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि मंगलवार को विवाद के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई और मामला इतना बढ़ गया कि कथित रूप से गोली चला दी गई।

हालांकि, फायरिंग के दौरान गोली बसंत लाल को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और घटना की सूचना तत्काल मड़िहान पुलिस को दी।

सूचना मिलने के बाद मड़िहान पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और दोनों पक्षों से पूछताछ की।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है। मड़िहान पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, यदि गोली चलने की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Similar News