डीडीयू यार्ड में ओएचई तार टूटने से रेल परिचालन ठप, कई एक्सप्रेस ट्रेनें घंटों रहीं प्रभावित

डीडीयू जंक्शन यार्ड में ओएचई तार टूटने से मंगलवार सुबह रेल परिचालन प्रभावित हुआ। करीब डेढ़ घंटे तक कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें रुकी रहीं, जिसके बाद सुबह 10:40 बजे संचालन सामान्य किया गया।

Update: 2026-07-14 10:06 GMT

दिलदारनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर ट्रेन के पास खड़े और आवाजाही करते हुए यात्री।

पूर्व मध्य रेलवे के पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन यार्ड में मंगलवार सुबह ओवरहेड विद्युत (ओएचई) तार टूटने से रेल परिचालन प्रभावित हो गया। अप और डाउन दोनों रेल मार्गों पर करीब डेढ़ घंटे तक ट्रेनों का संचालन बाधित रहा, जिसके कारण कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर खड़ी रहीं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9 बजे डीडीयू यार्ड में ओएचई तार टूटने की घटना हुई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 10:40 बजे ओएचई तार की मरम्मत पूरी हुई, जिसके बाद रेल परिचालन सामान्य हो सका।

परिचालन बाधित रहने के दौरान अप लाइन पर जमानिया और सकलडीहा के बीच सीमांचल एक्सप्रेस, नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस, अर्चना एक्सप्रेस और फरक्का एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें रोकी गईं। वहीं डाउन लाइन पर डीडीयू स्टेशन पर मगध एक्सप्रेस, आनंद विहार–दानापुर स्पेशल, डीडीयू–पटना मेमू पैसेंजर सहित कई ट्रेनें खड़ी रहीं।

रेल यातायात बहाल होने के बाद ट्रेनों को प्राथमिकता के आधार पर क्रमवार उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। विलंब के कारण मगध एक्सप्रेस दिलदारनगर स्टेशन पर लगभग 12:30 बजे, आनंद विहार–दानापुर स्पेशल करीब 12:20 बजे और डीडीयू–पटना मेमू पैसेंजर लगभग 1 बजे पहुंची।

यातायात निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि डीडीयू यार्ड में ओएचई तार टूटने के कारण दोनों दिशाओं का रेल संचालन प्रभावित हुआ था। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद सुबह 10:40 बजे से ट्रेनों का संचालन सुचारु रूप से शुरू कर दिया गया।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद व्यक्त करते हुए बताया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक तकनीकी निगरानी और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। डीडीयू यार्ड में हुई इस तकनीकी खराबी के कारण प्रभावित रेल सेवाओं को सामान्य करने के लिए रेलवे की टीम ने त्वरित कार्रवाई की।

Similar News