कन्दवा थाने में अधिवक्ता विनीत कुमार सिंह ने सड़क पर मिले 50 हजार रुपये पुलिस को सौंपे.   

चंदौली के कन्दवा क्षेत्र में सड़क किनारे पड़ी 50 हजार रुपये की नकदी मिलने के बाद एक अधिवक्ता ने ईमानदारी की मिसाल पेश की। 500-500 रुपये के नोटों की गड्डी मिलने पर उन्होंने उसे अपने पास रखने के बजाय सीधे पुलिस के सुपुर्द कर दिया। अब पुलिस उस व्यक्ति की तलाश में जुटी है, जिसकी मेहनत की कमाई रास्ते में छूट गई।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार 30 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे घोसवा गांव निवासी अधिवक्ता विनीत कुमार सिंह बाजार जा रहे थे। इसी दौरान बरौनी माइनर के पास सड़क किनारे उन्हें 500-500 रुपये के नोटों की एक गड्डी दिखाई दी। उन्होंने नोटों की गिनती की तो उसमें कुल 50 हजार रुपये मिले।

नकदी मिलने के बाद विनीत कुमार सिंह ने बिना देर किए कन्दवा थाने पहुंचकर पूरी रकम पुलिस को सौंप दी। उनके इस कदम के बाद पुलिस ने नकदी को लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने जीडी में तस्करा दर्ज कर बरामद 50 हजार रुपये मालखाने में सुरक्षित रखवा दिए हैं। अब पुलिस उस व्यक्ति की तलाश कर रही है, जिसके रुपये सड़क पर गिर गए थे, ताकि नकदी उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाई जा सके।

Tags: