तस्वीर में डीएम प्रणय सिंह कासगंज के डायट स्कूल में जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का जायजा लेते दिख रहे हैं।

कासगंज। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर कासगंज में प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण जारी है। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने डायट स्थित जयपुरिया स्कूल, कासगंज में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और जनगणना कार्य को पूरी शुद्धता एवं निर्धारित समय-सीमा में संपन्न कराने के निर्देश दिए।

भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के अंतर्गत जनपद में नियुक्त प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण में उपस्थित कार्मिकों को जनगणना की महत्ता से अवगत कराते हुए कहा कि यह अत्यंत महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध राष्ट्रीय दायित्व है। इसलिए सभी कार्मिक प्रशिक्षण को गंभीरता और पूरी एकाग्रता के साथ ग्रहण करें।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान बताई जा रही प्रक्रियाओं और दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन किया जाए, ताकि जनगणना का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी शुद्धता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराया जा सके।

उन्होंने प्रशिक्षण स्थल पर स्वच्छता बनाए रखने के साथ ही आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में प्रशिक्षित कार्मिकों की जिम्मेदारी अहम है। ऐसे में प्रशिक्षण के प्रत्येक पहलू को गंभीरता से समझना और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करना आवश्यक है।

Tags: