एटा में मारपीट के मुकदमे में समझौते का दबाव बनाने पर पीड़िता शकुंतला देवी ने एसएसपी से सुरक्षा मांगी।

एटा के नयागांव थाना क्षेत्र के नगला हरजू गांव में मारपीट के मुकदमे के बाद पीड़ित परिवार पर समझौते का दबाव बनाने और मुकदमा वापस नहीं लेने पर पूरे परिवार को गांव से भगाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता शकुंतला देवी पत्नी श्यामवीर सिंह ने शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

शिकायत में शकुंतला देवी ने बताया कि नयागांव थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 120/2026 के आरोपी उमाशंकर, पवन कुमार आदि उन पर मुकदमे में समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। आरोप है कि आरोपी सुबह-शाम उनके परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज करते हैं। साथ ही धमकी देते हैं कि यदि मुकदमे में फैसला नहीं किया तो उन्हें और उनके परिवार को गांव में नहीं रहने देंगे। आरोपियों की ओर से पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है।

शकुंतला देवी के अनुसार, लगातार मिल रही धमकियों के कारण उनका पूरा परिवार भयभीत है। उन्होंने एसएसपी से मामले की जांच कराकर परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

दरअसल, नगला हरजू गांव में भैंसों के आपस में भिड़ने को लेकर हुए विवाद में शकुंतला देवी, उनकी बेटी कुसुमा, बेटे राधाकृष्ण और पुत्रवधू रूबी देवी के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई थी। इस घटना में परिवार के चार सदस्य घायल हुए थे। मामले में शकुंतला देवी की तहरीर पर नयागांव थाने में मुकदमा अपराध संख्या 120/2026 दर्ज किया गया था।

अब इसी मुकदमे में समझौते के लिए कथित दबाव और परिवार को मिल रही जान से मारने की धमकियों को लेकर पीड़ित पक्ष ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से सुरक्षा की गुहार लगाई है। शकुंतला देवी के बेटे राधाकृष्ण ने बताया कि परिवार को मिल रही धमकियों के संबंध में एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपा गया है। एसएसपी ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


Tags: