हापुड़ के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में चंद्रशेखर आजाद की प्रस्तावित जनसभा को लेकर तैयारियों का जायजा लेते आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ता।

हापुड़ में कल भीम आर्मी के संस्थापक और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, चंद्रशेखर आजाद हापुड़ के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं।

जनसभा के आयोजन को लेकर संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रामलीला मैदान में मंच और पंडाल बनाने का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है। वहीं, स्वागत, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ जुटाने की रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं की लगातार बैठकें हो रही हैं।

स्थानीय नेताओं के अनुसार, चंद्रशेखर आजाद का यह दौरा हापुड़ और आसपास के क्षेत्रों में पार्टी की मजबूती के लिहाज से अहम माना जा रहा है। भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दावा किया है कि जनसभा में बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए जिले की सीमाओं से लेकर कार्यक्रम स्थल तक तैयारियां की गई हैं।

चंद्रशेखर आजाद के इस दौरे और रामलीला मैदान में होने वाली जनसभा को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत लगा दी है। अब सभी की नजरें कल होने वाली इस जनसभा पर टिकी हैं।

Tags: