बूंदी में पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी रूप, छोटे भाई ने लोहे के पाइप से बड़े भाई की हत्या की
केशोरायपाटन के ईश्वरनगर में पारिवारिक विवाद के दौरान छोटे भाई ने किया हमला, कोटा के एमबीएस अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत।
राजस्थान के बूंदी जिले के केशोरायपाटन क्षेत्र स्थित ईश्वरनगर में पारिवारिक विवाद के बाद लोहे के पाइप से हुए हमले में घायल चेतराम मीणा की मौत के बाद कोटा के एमबीएस अस्पताल परिसर में बैठे उनके परिजन।
बूंदी जिले के केशोरायपाटन थाना क्षेत्र के ईश्वरनगर गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान छोटे भाई ने अपने सगे बड़े भाई पर लोहे के पाइप से जानलेवा हमला कर दिया। सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए जाने से गंभीर रूप से घायल बड़े भाई की कोटा के एमबीएस अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी छोटे भाई रामहेत मीणा को राउंडअप कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का पाइप भी बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, ईश्वरनगर निवासी रामहेत मीणा और चेतराम मीणा सगे भाई थे। दोनों के बीच किसी पारिवारिक बात को लेकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि उनके बीच लंबे समय से किसी बात को लेकर मनमुटाव चल रहा था। मंगलवार को विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच जोरदार बहस होने लगी।
इसी दौरान गुस्से में आए छोटे भाई रामहेत मीणा ने पास में पड़ा लोहे का पाइप उठा लिया और बड़े भाई चेतराम मीणा के सिर तथा शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में चेतराम मीणा गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के बाद परिजनों और पड़ोसियों ने घायल चेतराम को संभाला और तत्काल केशोरायपाटन के स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान चेतराम मीणा ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही केशोरायपाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छोटे भाई रामहेत मीणा को राउंडअप कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। केशोरायपाटन थानाधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी पारिवारिक विवाद का लग रहा है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। हत्या में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पारिवारिक विवाद में हुई इस घटना के बाद पुलिस हत्या के पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।