तस्वीर में बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत सड़क पर बैल दौड़ाकर हुड़दंग मचाने वाले युवकों को पकड़कर पूछताछ और कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव दिखाई दे रहे हैं।

हापुड़ जिले के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र में सड़क पर बैल दौड़ाकर रील बनाने और रेस लगाने वाले युवकों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। पशु क्रूरता और सड़क पर हुड़दंगबाजी के इस मामले में थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव ने युवकों को पकड़कर कड़ी फटकार लगाई। इस दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह युवकों को अनूठे अंदाज में चेतावनी देते नजर आ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र में कुछ युवक सड़क पर बेतरतीब तरीके से बैल को दौड़ा रहे थे। इससे बेजुबान पशु के साथ क्रूरता हो रही थी और सड़क पर चलने वाले अन्य राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा हो गया था। मामले की सूचना मिलने पर बहादुरगढ़ थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बैल दौड़ा रहे युवकों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

युवकों को थाने लाने के बाद थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव ने उन्हें सख्त हिदायत दी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वह युवकों से कहते सुनाई दे रहे हैं, "बैल को दौड़ाकर आईएएस (IAS) बन जाओगे क्या? अगर दौड़ लगाने का इतना ही शौक है तो घोड़ा पालो।" उनके इस अंदाज में दी गई चेतावनी का वीडियो चर्चा में है।

थाना प्रभारी ने युवकों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि पशु क्रूरता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि दोबारा किसी ने इस तरह पशुओं को प्रताड़ित किया या सड़क पर हुड़दंग मचाया तो उसे सीधे जेल भेज दिया जाएगा।

हापुड़ पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि बेजुबान जानवरों के साथ क्रूरता करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। बहादुरगढ़ पुलिस ने युवकों को कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया। साथ ही उनके परिजनों को भी हिदायत दी गई कि वे अपने बच्चों को इस तरह के खतरनाक और गैरकानूनी कामों से दूर रखें। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पशुओं के साथ क्रूरता और सड़क पर खतरनाक गतिविधियों को लेकर सख्ती का संदेश दिया गया है।

Tags: