सिकंदराबाद कोतवाली परिसर में पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में जब्त हथियार नष्ट किए जा रहे हैं।

सिकंदराबाद। बुलंदशहर जिले की सिकंदराबाद कोतवाली के मालखाने में वर्षों से जमा हथियारों और अन्य सामान के निस्तारण की कार्रवाई की गई। शासन के निर्देशों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशों के क्रम में चल रहे अभियान के तहत 113 पुराने हथियारों और अन्य सामान का ध्वस्तीकरण कराया गया। इनमें तमंचे, बंदूक, चाकू, छुरी और डंडे शामिल थे, जो वर्ष 1994 से 2023 तक के निस्तारित मुकदमों से संबंधित थे।

यह कार्रवाई क्षेत्राधिकारी प्रेमसुख दड़िया के नेतृत्व में नगर एसडीएम रविंद्र प्रताप की मौजूदगी में संपन्न हुई। मालखाने में रखे इन हथियारों और अन्य सामान को संबंधित मुकदमों का निस्तारण होने के बाद भी वर्षों से सुरक्षित रखा गया था। अब नियमानुसार ध्वस्तीकरण कर इनके निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की गई।

क्षेत्राधिकारी प्रेमसुख दड़िया और नगर एसडीएम रविंद्र प्रताप ने बताया कि वर्ष 1994 से 2023 तक के ऐसे मुकदमों से संबंधित माल, जिनका निस्तारण हो चुका है, उनमें शामिल 113 तमंचे, बंदूक, चाकू, छुरी और डंडों का उनकी मौजूदगी में ध्वस्तीकरण कराया गया है।

शासन के निर्देशों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशों के तहत पुलिस थानों के मालखानों में वर्षों से रखे पुराने माल के निस्तारण की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में सिकंदराबाद कोतवाली में यह कार्रवाई की गई। इससे निस्तारित मुकदमों से संबंधित लंबे समय से जमा पुराने सामान के निस्तारण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया।

Tags: