एनकाउंटर के खौफ से तख्ती लेकर कोतवाली पहुंचे दीपक हत्याकांड के दो आरोपी, सरेंडर
हापुड़ के बदनौली दीपक हत्याकांड में फरार दो नामजद आरोपी तख्ती लेकर नगर कोतवाली पहुंचे और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
तस्वीर में एक युवक हाथ में तख्ती लिए हुए कोतवाली के बाहर नजर आ रहा है।
हापुड़ जिले के चर्चित बदनौली गांव के दीपक हत्याकांड में फरार चल रहे दो नामजद आरोपियों ने पुलिस के बढ़ते दबाव और एनकाउंटर के डर के बीच आत्मसमर्पण कर दिया। दोनों आरोपी हाथों में तख्ती लेकर खुद हापुड़ की नगर कोतवाली पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
गोलीकांड की घटना के बाद से दोनों आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। पुलिस के बढ़ते दबाव और एनकाउंटर के खौफ से घबराए दोनों आरोपी आज हाथों में तख्ती लेकर सीधे नगर कोतवाली पहुंच गए। तख्ती पर पुलिस से जान बख्शने और आत्मसमर्पण करने की बात लिखी हुई थी।
कोतवाली परिसर में तख्ती लेकर पहुंचे दोनों आरोपियों को नगर कोतवाली पुलिस ने तुरंत अपनी हिरासत में ले लिया। दोनों के सरेंडर करने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ शुरू कर दी है।
बदनौली गांव में कुछ दिनों पहले पुरानी रंजिश और विवाद के बाद जमकर पथराव और अंधाधुंध फायरिंग हुई थी। इस गोलीकांड में दीपक उर्फ गोलू गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान मेरठ के अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी। दीपक की मौत के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया था और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा भी किया था।
पुलिस इस मामले में पहले ही कुछ आरोपियों को जेल भेज चुकी है। अब फरार चल रहे दो नामजद आरोपियों के हाथों में तख्ती लेकर नगर कोतवाली पहुंचकर आत्मसमर्पण करने से पुलिस की जांच को बड़ी कामयाबी मिली है।