उदयपुर के सवीना और तितरड़ी क्षेत्र में सिटी बसों का अभाव, नए मार्ग पर संचालन की मांग तेज
उदयपुर के सवीना, तितरड़ी, सेक्टर 12, सेक्टर 9 और वीआईपी कॉलोनी के निवासी सिटी बस सुविधा की कमी से परेशान हैं। क्षेत्रवासियों ने रेती स्टैंड, उदयापोल और एमबी अस्पताल होते हुए रामपुरा व लोयरा तक बसें चलाने के लिए ज्ञापन सौंपकर शीघ्र संचालन की मांग की।
उदयपुर के तितरड़ी व सवीना क्षेत्र में नए सिटी बस रूटों की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपने के दौरान मौजूद जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक।
उदयपुर के तितरड़ी, सवीना, सेक्टर 12, सेक्टर 9 और वीआईपी कॉलोनी के निवासियों को पर्याप्त सिटी बस सुविधा नहीं मिल रही है। मौजूदा बसों का मार्ग लंबा होने से लोगों को शहर पहुंचने में अधिक समय लग रहा है और किराया भी ज्यादा देना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों ने तितरड़ी से रामपुरा और तितरड़ी से लोयरा वाया रेती स्टैंड, उदयापोल मार्ग पर सिटी बसें चलाने की मांग की है।
वर्तमान में संचालित सभी सिटी बसें जड़ाव नर्सरी, सेक्टर 5, सेटेलाइट हॉस्पिटल, सेक्टर 4 और सेवाश्रम होते हुए शहर में प्रवेश करती हैं। इस मार्ग से शहर पहुंचने में काफी समय व्यतीत होता है। अधिक दूरी और किराये के कारण क्षेत्र के लोग सिटी बसों का समुचित उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।
क्षेत्रवासियों के अनुसार, रेती स्टैंड, उदयापोल, सूरजपोल, देहली गेट और एमबी हॉस्पिटल होते हुए रामपुरा तक का मार्ग सिटी बस संचालन के लिए उपयुक्त है। इस मार्ग पर बसें चलने से तितरड़ी, सवीना, सेक्टर 12, सेक्टर 9 और वीआईपी कॉलोनी के निवासियों को शहर आने-जाने में सुविधा मिलेगी। साथ ही, रोडवेज बस स्टैंड और सिटी रेलवे स्टेशन तक पहुंचने वाले यात्रियों को भी लाभ होगा। वर्तमान में इन दोनों स्थानों तक आने-जाने के लिए यात्रियों को निजी ऑटो का सहारा लेना पड़ता है।
क्षेत्रवासियों ने इसी मार्ग से तितरड़ी से लोयरा तक भी सिटी बस संचालित करने की आवश्यकता जताई है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर बस सेवा शुरू होने से शहर में रोजमर्रा के कार्यों के लिए जाने वाले लोगों के साथ एमबी अस्पताल में इलाज कराने पहुंचने वाले रोगियों को भी सुविधा मिलेगी।
क्षेत्रवासियों ने इस समस्या की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि तितरड़ी में इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन और सवीना में सिटी बस डिपो होने के बावजूद स्थानीय लोगों को सिटी बसों की समुचित सुविधा उपलब्ध नहीं हो रही है। ऐसे में प्रस्तावित मार्गों पर बस संचालन की मांग उठाई गई है।
क्षेत्रवासी नरेश पूर्बिया ने बताया कि सिटी बस सेवा शुरू कराने के लिए क्षेत्रवासियों ने मिलकर नगर निगम के सभापति पारस सिंघवी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, पार्षद आशीष कोठारी, पार्षद लक्ष्मी नारायण मेघवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष गजराज सिंह राठौड़, जिला महामंत्री देवीलाल सालवी और मंडल अध्यक्ष महेशपुरी गोस्वामी उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने संबंधित जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में शीघ्र नए मार्ग पर सिटी बसें चलाने की मांग रखी।
ज्ञापन सौंपने वालों में कैलाश चौधरी, दयालाल चौधरी, डीपी लक्ष्कार, लीलाधर लक्षकार, शंकर लाल चौधरी, कैलाश राजपुरोहित, इंदर सिंह भाटी, नितिन चौधरी, ओमप्रकाश डांगी, एम के द्विवेदी, एस पी गोस्वामी, गोपाल भट्ट, चन्द्र कांत भट्ट, महेश सिंघल, फतेह लाल डोडिया और जितेंद्र सोनी सहित कई क्षेत्रवासी उपस्थित थे।
क्षेत्रवासियों की मांग है कि तितरड़ी से रामपुरा और तितरड़ी से लोयरा वाया रेती स्टैंड, उदयापोल मार्ग पर जल्द सिटी बस सेवा शुरू की जाए, ताकि स्थानीय निवासियों, अस्पताल जाने वाले रोगियों और रेलवे स्टेशन व रोडवेज बस स्टैंड तक पहुंचने वाले यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिल सके।