खेरवाड़ा के विकास पब्लिक स्कूल में 'उड़ान 2026' प्रतिभा सप्ताह के तहत हूला हूप और अन्य खेल गतिविधियों में भाग लेते विद्यार्थी।

खेरवाड़ा के विकास पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, खेल भावना और प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से ‘वीपीएस उड़ान 2026 – द टैलेंट वीक’ का आयोजन किया जा रहा है। 26 अक्टूबर से 2 नवंबर तक चलने वाले इस प्रतिभा सप्ताह में नर्सरी से कक्षा सातवीं तक के विद्यार्थी विभिन्न शैक्षणिक, रचनात्मक और मनोरंजक गतिविधियों में भाग ले रहे हैं।

आयोजन प्रभारी राजीव व्यास ने बताया कि प्रतिभा सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों के लिए कैलीग्राफी, दौड़ एवं रिले रेस, म्यूजिकल चेयर, रस्साकशी, बॉल गेम्स, पहेली, कहानी वाचन, प्रश्नोत्तरी और रचनात्मक हस्तकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।

बुधवार को कैलीग्राफी प्रभारी रुचिका पंचाल ने कक्षा छठी के विद्यार्थियों को कैलीग्राफी का अभ्यास करवाया। वहीं, दूसरे दिन कक्षा दूसरी एवं तीसरी के विद्यार्थियों के लिए फ्रॉग रेस और चेयर स्किपिंग रेस जैसी मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। गतिविधि प्रभारी मासुमा प्रजापत एवं नेहा उपाध्याय ने प्रतियोगिताओं का संचालन किया।

‘उड़ान 2026’ के तहत आयोजित गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खेल और रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से उन्हें खेल-खेल में सीखने और नई गतिविधियों का अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।

विद्यालय की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उनके आत्मविश्वास और रचनात्मक कौशल को बढ़ावा देना है। प्रतिभा सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियां विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान कर रही हैं।

Tags: