उदयपुर पुलिस ने विशेष अभियान के दौरान 71 किलो गांजा और उसके पौधे जब्त कर 9 मामले दर्ज किए।

उदयपुर में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुए जिलेभर में एक दिवसीय विशेष सघन अभियान चलाया। एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत 416 चिन्हित स्थानों पर नाकाबंदी और सघन चेकिंग की गई। इस दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 09 प्रकरण दर्ज किए गए तथा बड़ी मात्रा में गांजा, गांजे के पौधे और चरस बरामद की गई।

पुलिस की इस कार्रवाई में माण्डवा और कोटड़ा सहित जिले के विभिन्न थानों में कार्रवाई करते हुए करीब 71 किलो गांजा व उसके पौधे तथा लगभग 144 ग्राम चरस जब्त की गई। अभियान के दौरान कई तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की।

विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने तीन व्यक्तियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई भी की। इसके अतिरिक्त, एक वांछित आदतन अपराधी को पकड़ने में सफलता मिली। जिलेभर में एक साथ की गई नाकाबंदी और सघन जांच के जरिए पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई को आगे बढ़ाया।

एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चलाया गया यह अभियान नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से संचालित किया गया। पुलिस के अनुसार, नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Tags: