रक्षक को बांधा रक्षा सूत्र, लिया आशीर्वाद; पहाड़ा थाना पुलिसकर्मियों को बांधी राखी
नयागांव के आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय थाणा में रक्षाबंधन पर छात्राओं ने पहाड़ा थाना पुलिसकर्मियों को राखी बांधी। विद्यालय में राखी मेकिंग, निबंध लेखन और मेहंदी प्रतियोगिताएं भी आयोजित हुईं।
तस्वीर में नयागांव उपखंड के आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय थाणा में विद्यालय की छात्राएं पुलिसकर्मियों को रक्षा सूत्र बांधती हुई नजर आ रही हैं।
नयागांव उपखंड के आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय थाणा में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास एवं सांस्कृतिक विविधताओं के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने पुलिस थाना पहाड़ा पहुंचकर थानाधिकारी राजेश मीणा सहित समस्त पुलिसकर्मियों को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी दीर्घायु की कामना की और उनसे सुरक्षा का आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम प्रभारी साक्षी बारोट एवं हिना शेख के अनुसार विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के लिए राखी मेकिंग, निबंध लेखन एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
रक्षाबंधन के अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने अपने सहपाठी छात्रों की कलाई पर भी प्यार और आत्मीयता के साथ रक्षा सूत्र बांधे और पर्व मनाया। कार्यक्रम में पहाड़ा थानाधिकारी राजेश मीणा, सहायक निदेशक ईश्वर लाल पटेल एवं प्रधानाचार्य खेमराज प्रजापत विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अतिथियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए रक्षाबंधन पर्व के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विद्यालय की आचार्याओं ने आचार्यों को रक्षा सूत्र बांधकर परंपरागत रूप से रक्षाबंधन पर्व का सहर्ष निर्वहन किया। विद्यालय में आयोजित इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्व की परंपरा, आत्मीयता और सांस्कृतिक भावना को विविध गतिविधियों के साथ अभिव्यक्त किया।