तस्वीर में नयागांव के स्कूल परिसर में छात्राएं पुलिसकर्मियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधती नजर आ रही हैं।

नयागांव उपखंड के आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय थाणा में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास एवं सांस्कृतिक विविधताओं के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने पुलिस थाना पहाड़ा पहुंचकर थानाधिकारी राजेश मीणा सहित पुलिसकर्मियों को रक्षा सूत्र बांधा। छात्राओं ने पुलिसकर्मियों की दीर्घायु की कामना करते हुए उनसे सुरक्षा का आशीर्वाद लिया।

विद्यालय में कार्यक्रम प्रभारी साक्षी बारोट एवं हिना शेख ने विद्यार्थियों के लिए राखी मेकिंग, निबंध लेखन एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया। छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्राओं ने अपने सहपाठी छात्रों की कलाई पर भी रक्षा सूत्र बांधकर प्रेम, भाईचारे एवं आत्मीयता के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाया।

कार्यक्रम में पहाड़ा थानाधिकारी राजेश मीणा, सहायक निदेशक ईश्वर लाल पटेल एवं प्रधानाचार्य खेमराज प्रजापत विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए रक्षाबंधन पर्व के सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर विद्यालय की आचार्याओं ने आचार्यों को भी रक्षा सूत्र बांधकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ रक्षाबंधन पर्व का हर्षपूर्वक निर्वहन किया। विद्यालय की छात्राओं द्वारा पुलिसकर्मियों को रक्षा सूत्र बांधने की पहल ने पर्व के दौरान सुरक्षा, प्रेम और आत्मीयता के भाव को सामने रखा।

Tags: