सुलई ग्राम पंचायत की नवनिर्वाचित सरपंच सीमा कुमारी गरासिया और ग्रामीण पदभार ग्रहण समारोह में उपस्थित हैं।   

खेरवाड़ा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुलई में नवनिर्वाचित सरपंच सीमा कुमारी गरासिया, उप सरपंच विजेश कुमार मेघवाल और सभी वार्ड पंचों ने पदभार ग्रहण कर पंचायत की जिम्मेदारी संभाल ली। इस अवसर पर पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह से पहले पंचमुखी हनुमान मंदिर से नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का बैंड-बाजे और आतिशबाजी के साथ जुलूस निकाला गया।

जुलूस में सरपंच, उप सरपंच और नवनिर्वाचित वार्ड पंच शामिल हुए। यह जुलूस गांव के विभिन्न मार्गों से होता हुआ पंचायत मुख्यालय पहुंचा, जहां विधिवत पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में भाजपा देहात जिला मंत्री अमित कलाल और भाजपा नेता पारस जैन अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम को दोनों अतिथियों के साथ पंचमुखी हनुमान मंदिर के महंत मोहन महाराज, निवर्तमान सरपंच जवान सिंह गरासिया, पूर्व सरपंच कुरी चंद चौधरी, पंचायत समिति में भाजपा प्रत्याशी नानजी भाई पटेल, पूर्व सरपंच कन्हैयालाल भगोरा, सामरून पंचायत के प्रकाश डामोर, शिक्षाविद देवीलाल मेघवाल और युवा नेता केशव मेघवाल ने संबोधित किया।

उल्लेखनीय है कि नवनिर्वाचित सरपंच सीमा कुमारी गरासिया खेरवाड़ा पंचायत समिति में सबसे कम उम्र की सरपंच निर्वाचित हुई हैं। पदभार ग्रहण समारोह में पंचायत क्षेत्र के कई मौतबीर और ग्रामीण मौजूद रहे। इस तरह सरपंच, उप सरपंच सहित सभी नवनिर्वाचित वार्ड पंचों ने औपचारिक रूप से अपनी जिम्मेदारियां संभालीं।

Tags: