झाडोल। संविधान दिवस के अवसर पर जे.आर. शर्मा स्नातकोत्तर महाविद्यालय, झाडोल में 26 नवंबर 2026 को इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ई.एल.सी.) और राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) के संयुक्त तत्वावधान में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महाविद्यालय के 100 विद्यार्थियों ने भाग लेकर संविधान दिवस पर शपथ ली।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महावीर जैन ने विद्यार्थियों को संविधान दिवस की शपथ दिलाई। साथ ही युवा नव मतदाताओं को स्वीप कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए उन्हें जागरूक किया।

ई.एल.सी. प्रभारी डॉ. भूपेंद्र मेघवाल ने राष्ट्र के लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने में मतदान की भूमिका और वोट के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मतदान के महत्व की जानकारी दी।

वहीं, एन.एस.एस. प्रभारी डॉ. अनिता गन्ना ने मताधिकार को लोकतंत्र की नींव बताते हुए मतदान से जुड़े नैतिक एवं संवैधानिक अधिकारों की व्याख्या की।

महाविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और युवा नव मतदाताओं को संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

Tags: