खेरवाड़ा की लराठी ग्राम पंचायत में कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान नवनिर्वाचित सरपंच टीना मीणा और ग्रामीण.

खेरवाड़ा। ग्राम पंचायत लराठी में नवनिर्वाचित सरपंच टीना मीणा, उपसरपंच जितेंद्र बरंडा सहित सभी वार्ड पंचों ने विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का माला पहनाकर और साफा बंधवाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

कार्यभार ग्रहण समारोह में ग्राम विकास अधिकारी ललिता देवी, पंचायत कर्मचारी, गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित रहे। समारोह के दौरान ग्रामीणों ने नई पंचायत कार्यकारिणी का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर नवनिर्वाचित सरपंच टीना मीणा ने कहा कि ग्रामीणों ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता रहेगी। वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ ग्राम पंचायत के विकास के लिए कार्य करेंगी।

वहीं, वार्ड पंचों ने भी अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने और सरपंच के साथ समन्वय बनाकर गांव के विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने नई पंचायत कार्यकारिणी को बधाई देते हुए गांव के सर्वांगीण विकास की उम्मीद जताई।

उल्लेखनीय है कि नवनिर्वाचित सरपंच टीना मीणा पूर्व सरपंच लालुराम मीणा की बहन हैं। वे स्नातक (ग्रेजुएट) तक शिक्षित हैं। सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के कार्यभार संभालने के साथ ही ग्राम पंचायत लराठी में नई पंचायत कार्यकारिणी ने अपनी जिम्मेदारी संभाल ली है।

Tags: