तस्वीर में नयागांव में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे बच्चे सड़क पर शोभायात्रा के दौरान नजर आ रहे हैं।

नयागांव स्थित आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय थाना में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। महोत्सव के अवसर पर विद्यालय परिसर से विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा-कृष्ण के रूप में सजीव झांकियों में नजर आए।

शोभायात्रा विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर ठाकुर जी मंदिर, बस स्टैंड और मुख्य मार्ग से होते हुए मेहरा बावसी चौराहा पहुंची। इसके बाद यात्रा पुनः ठाकुर जी मंदिर होते हुए विद्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चों की मनमोहक जीवंत झांकियों के श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। संस्थान के पूर्व शिक्षक हीरालाल अहारी ने वासुदेव जी का जीवंत पात्र निभाकर सभी का मन मोह लिया।



यात्रा के दौरान विद्यालय के बालक और श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए तथा भजनों पर नाचते-गाते चल रहे थे। कार्यक्रम प्रभारी हिना शेख और कविता सुथार ने बताया कि महोत्सव में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विद्यालय परिसर में बालकों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही पारंपरिक मटकी फोड़ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन उमेद सिंह चौहान ने किया।

समापन अवसर पर महाआरती के बाद महाप्रसाद का वितरण किया गया। सहायक निदेशक ईश्वर लाल पटेल एवं प्रधानाचार्य खेमराज प्रजापत ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी आगंतुकों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। इस आयोजन में शोभायात्रा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक मटकी फोड़ कार्यक्रम के माध्यम से जन्माष्टमी का उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।

Tags: