तस्वीर में बाईं ओर खेरोदा के चारभुजानाथ मंदिर में सजे हुए भगवान के दर्शन हो रहे हैं और दाईं ओर ग्रामीण व परिवार के सदस्य आभूषण ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

खेरोदा, 4 सितंबर 2026। खेरोदा कस्बे के राजपूत समाज के चारभुजानाथ मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी का महापर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कीर्तिशेष ठकुरानी साहिबा जस कुंवर व ठाकुर भूर सिंह जी राठौड़ के परिवार ने भगवान चारभुजानाथ को 620 ग्राम चांदी के नवनिर्मित आभूषण भेंट कर धारण करवाए।

परिवार की ओर से सबसे पहले 21 अक्टूबर 1979 को ठाकुरजी के श्रीचरणों में चांदी के आभूषण अर्पित किए गए थे। इसी धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए परिजनों ने पूर्व में अर्पित आभूषणों में 320 ग्राम अतिरिक्त चांदी जोड़कर कुल 620 ग्राम वजन के भव्य नवीन आभूषण तैयार करवाए।

कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर परिवार के सदस्य गाजे-बाजे के साथ नवीन आभूषण लेकर मंदिर पहुंचे। यहां मुख्य पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक विशेष पूजा-अर्चना करवाई। इसके बाद ठाकुरजी को नए आभूषण धारण करवाए गए और महाआरती की गई।

महाआरती के बाद मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस तरह चारभुजानाथ मंदिर में जन्माष्टमी के अवसर पर 1979 से चली आ रही धार्मिक परंपरा को नए आभूषणों के साथ आगे बढ़ाया गया।

Tags: