खेरवाड़ा के कनबई में धूमधाम से निकली श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा
दयानंद संस्थान में निकाली गई भव्य यात्रा में निकली आकर्षक झांकियां, गरबा और अन्नकूट महाप्रसाद के बाद महाआरती से समापन हुआ।
तस्वीर में सड़क पर भारतीय ध्वज थामे लोगों की भीड़ शोभायात्रा में चलती दिख रही है।
खेरवाड़ा के दयानंद संस्थान कनबई में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर बालकों की विराट एवं भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बैंड-बाजे की स्वरलहरियों के बीच निकली शोभायात्रा में श्रद्धालु झूमते नजर आए। छोटे-छोटे बालक श्रीकृष्ण, राधा और ग्वाल के रूप में सजकर आकर्षण का केंद्र बने।
शोभायात्रा में पाटिया, डबायचा, भोमटावाड़ा, जायरा, कुवेड़ियां, पीथापुर, पालपादर, शेरावाड़ा, सकलाल, अनेला, भाटड़िया, महुवाल, सरेरा, उखेड़ी, बलीचा सहित कनबई एवं आसपास के क्षेत्रों से हजारों सर्व समाज के श्रद्धालुओं और माताओं ने भाग लिया। आयोजन के दौरान पूरे ग्राम में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।
शोभायात्रा में श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। माताओं ने गरबा और डांडिया रास की प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कनबई युवा मित्र मंडल की ओर से मटकी फोड़ कार्यक्रम से पूर्व अन्नकूट महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं और अतिथियों के लिए जगह-जगह ठंडे पानी की व्यवस्था भी की गई।
शोभायात्रा के दौरान पाटिया थानाधिकारी रमेशचन्द्र अहारी, कनबई चौकी के एएसआई एवं पुलिस स्टाफ ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। कार्यक्रम के अंत में महाआरती का आयोजन हुआ और श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम का निर्देशन चिन्मय एवं देवांग पण्ड्या ने किया। आयोजन के माध्यम से क्षेत्र में श्रीकृष्ण भक्ति, सामाजिक सहभागिता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया।