तस्वीर में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार सलूंबर में आयोजित बैठक के दौरान मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते नजर आ रहे हैं।

सलूंबर। नगरपरिषद चुनाव में भाजपा के प्रचार अभियान को गति देने और विजय अभियान की रणनीति पर चर्चा के लिए भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने देर शाम सलूंबर के जैन बोर्डिंग सभागार में वार्ड प्रभारियों, वार्ड संयोजकों और बूथ अध्यक्षों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विकसित सलूंबर के विजन को लेकर भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया।

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार के पहली बार सलूंबर आगमन पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और पुष्प वर्षा के साथ उनका स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् गीत से हुई। इसके बाद अतिथियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, भारत माता एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर बैठक का शुभारंभ किया।



कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अजेय कुमार ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और राजस्थान की भजन लाल सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों एवं योजनाओं की नगरीय निकाय क्षेत्र में क्रियान्विति के लिए सलूंबर नगर का बोर्ड भाजपा का बनना जरूरी है, ताकि विकास की गंगा सलूंबर में बह सके। उन्होंने कहा कि राजस्थान की भजन लाल सरकार ने नगरीय क्षेत्रों के विकास के लिए घोषणा पत्र जारी कर अग्रणी राजस्थान, अग्रणी सलूंबर के प्रति अपनी प्रतिबद्धता स्पष्ट कर दी है।

अजेय कुमार ने कहा कि भाजपा ने विकसित सलूंबर के लिए भी संकल्प पत्र जारी कर दिया है। भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में जो-जो वादे किए हैं, सलूंबर में भाजपा का बोर्ड बनने पर वे सभी कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि एक भव्य और विकसित सलूंबर भाजपा का संकल्प है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जिसे भाजपा ने कमल का फूल दिया है, वह सबका है और सभी कार्यकर्ताओं को उसके विजय अभियान में अपनी भूमिका निभानी है।

इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने सलूंबर नगरपरिषद के लिए भाजपा के चुनावी घोषणा संकल्प पत्र का विमोचन किया।

जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने कहा कि भाजपा 25 सीटों पर विजय की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अंतिम वोट डलने तक हर मतदाता के साथ जीवंत संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही 51 प्रतिशत से अधिक वोटिंग और समर्थक वोटों के शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रयास करने के निर्देश दिए।

जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने कहा कि जो भी पार्टी के खिलाफ बागी होकर चुनावों में नकारात्मक भूमिका निभा रहे हैं, उनकी सूची प्रदेश को भेजी जा रही है और निष्कासन की कार्रवाई प्रक्रिया में है।

बैठक को प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा और सलूंबर विधायक शांता देवी मीणा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला सह संगठन प्रभारी पारस जैन, चुनाव संयोजक प्रकाश जैन, विधानसभा प्रवासी प्रतीक नंदवाना, नगर मंडल अध्यक्ष विजेश भलवाड़ा, मंडल चुनाव समन्वयक पूर्णेश शर्मा समेत भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags: